देवभोग के टिकरापारा नाला में बाढ़ में फंसे चार लोगों को पुलिस और SDRF ने रात 2 बजे साहसिक रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर सुरक्षित बचाया।
गरियाबंद। देवभोग थाना क्षेत्र के टिकरापारा नाला में अचानक आई बाढ़ के बीच चार लोग फंस गए। देर रात सूचना मिलते ही देवभोग पुलिस और गरियाबंद SDRF की टीम ने संयुक्त रूप से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर चारों लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
जानकारी के अनुसार टिकरापारा नाला तेल नदी से कटकर बने क्षेत्र में अचानक पानी बढ़ने से बाढ़ की स्थिति निर्मित हो गई थी। इसी दौरान चार ग्रामीण बाढ़ के बीच फंस गए। ग्रामीणों ने डायल-112 के माध्यम से इसकी सूचना पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही देवभोग थाना पुलिस की टीम तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई। मौके पर पहुंचकर पुलिस जवानों ने पानी के तेज बहाव और बाढ़ की गंभीर स्थिति का जायजा लिया। हालात को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों को जानकारी दी गई और गरियाबंद SDRF की टीम को भी तत्काल मौके पर बुलाया गया।
इसके बाद पुलिस और SDRF की टीम ने संयुक्त रूप से बचाव अभियान शुरू किया। अंधेरी रात, तेज बहाव और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बावजूद टीम ने लगातार प्रयास जारी रखा। करीब रात 2 बजे चारों लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
रेस्क्यू किए गए लोगों की पहचान त्रिनाथ मरकाम (45), बलभद्र मरकाम (42), दुबनी बाई मरकाम (30) और जयमनी (28) के रूप में हुई है। चारों टिकरापारा, थाना देवभोग, जिला गरियाबंद के निवासी हैं।
पुलिस के अनुसार डायल-112 से मिली सूचना पर तत्काल कार्रवाई और SDRF के साथ बेहतर समन्वय के कारण चारों लोगों को समय रहते सुरक्षित बचाया जा सका। आधी रात चले इस रेस्क्यू ऑपरेशन में पुलिस और SDRF की तत्परता अहम साबित हुई।